उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
देश के कई राज्यों में पड़ रही गर्मी के बीच मानसून तेजी से अन्य राज्यों में आगे बढ़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की जानकारी है। ऐसे में यूपी-दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, उत्तराखंड समेत देश के 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।देश के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, जहां एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से पूर्वोत्तर भारत में आगे बढ़ रहा है। वहीं दूसरी ओर एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हुए है, इसके साथ आज यानी 10 जून और 11 जून को उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं कई राज्यों में ओलावृष्टि की भी संभावना है, ऐसे में घर से एक बार मानसून का अपडेट लेकर ही निकलें।
17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, जहां एक ओर मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में 11 और 12 जून को गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में तेज आंधी-तूफान की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में देश के 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून
IMD के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, मानसून ने पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ते हुए अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। वहीं आने वाले 4-5 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। ऐसे में इन राज्यों में मानसूनी बारिश का दौर शुरू होगा।
मानसून के कारण इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मानसून के कारण अगले 5 से 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों में 15 जून तक व्यापक वर्षा जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आंधी-बारिश का अलर्ट (10-12 जून): दिल्ली के मौसम में इन दिनों काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार शाम को अचानक आंधी-तूफान का कहर देखने को मिला, जिससे तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 10 जून को दिल्ली के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, 11 और 12 जून के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
यूपी में गरज-चमक से साथ आंधी का अलर्ट (10-15 जून): मेरठ, मुजफ्फरपुर, शामली, बिजनौर, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, खेरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, आगरा, फिरोजाबाद, एटा में मौसम विभाग ने आज यानी 10 जून को गरज-चमक के साथ आंधी की चेतावनी जारी की है। वहीं प्रयागराज, कौशांबी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, जालौन, ललितपुर में लू का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार, 11 जून से यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में मौसम पलटी मारेगा। 11 जून से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी यूपी में 12 जून को ओलावृष्टि की भी संभावना है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
बिहार में बारिश का अलर्ट (10-15 जून): पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा के कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है। वहीं 11 से 15 जून को बीच बिहार के कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 4-5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार में दस्तक दे सकता है।
