उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
उत्तरकाशी शहर के आसमान में इन दिनों वायुसेना के लड़ाकू विमान गरज रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से नियमित रूप से आसमान में एक से दो विमान नजर आ रहे हैं। हालांकि सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह वायुसेना का नियमित अभ्यास बताया जा रहा है।दरअसल, सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तरकाशी जनपद में वायुसेना अपने विमानों की लैंडिंग व टेक-आफ का नियमित अंतराल पर अभ्यास करती रहती है।यहां चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे को वायुसेना अपने एडवांस लैंडिंग ग्राउंड के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम कर रही है, साथ ही इस हवाई अड्डे पर अब तक अपने एमआइ-17, अपाचे हेलीकाप्टर, हरक्यूलिस तथा बहुउद्देशीय सैन्य परिवहन विमान एएन-32 को सफलता पूर्वक उतार चुकी है। लेकिन हवाई अड्डे के रनवे का विस्तारीकरण नहीं होने से यहां लड़ाकू विमान नहीं उतर पाते हैं।इस कारण वायुसेना अपने विभिन्न राज्यों में स्थित एयरबेसों से लड़ाकू विमान को टेक-आफ करवाकर यहां के खुले आसमान में सैन्य अभ्यास को पहुंच रही है। हालांकि चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे के विस्तारीकरण की योजना भी प्रस्तावित है, जिसमें हवाई अड्डे के रनवे को करीब 150 मीटर तक बढ़ाया जाना है। हवाई अड्डे का विस्तारीकरण होता है तो भविष्य में यहां भी वायुसेना के लड़ाकू विमान उतर सकते हैं।
