उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
प्रचलित केदारनाथ धाम यात्रा में निरन्तर बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के दृष्टिगत यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर के निर्देशों पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सोनप्रयाग के नवनियुक्त प्रभारी निरीक्षक श्री नीलाभ खाली की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सोनप्रयाग टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल एवं अन्य स्थानीय हितधारकों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।बैठक में यात्रा के दौरान सोनप्रयाग क्षेत्र में बढ़ते यात्री दबाव, यातायात प्रबन्धन, पार्किंग व्यवस्था, शटल संचालन, बाजार क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुविधा, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित समन्वय तथा स्थानीय स्तर पर जनसहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में लिए गए मुख्य निर्णय एवं महत्वपूर्ण सुझाव –
• व्यवस्थित शटल संचालन – शटल सेवा को निर्बाध बनाए रखने हेतु टैक्सी यूनियन द्वारा पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
• यातायात व पार्किंग प्रबंधन – पार्किंग स्थलों में वाहनों को सुनियोजित तरीके से खड़ा करने तथा मुख्य सड़कों के किनारे अनावश्यक रूप से वाहन पार्क न करने पर विशेष बल दिया गया।
• अतिक्रमण पर नियंत्रण – बाजार क्षेत्र एवं मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण को नियंत्रित करने तथा पैदल यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाए रखने हेतु सभी पक्षों से सहयोग की अपेक्षा की गई।
• यात्री संवेदनशीलता – श्रद्धालुओं को निर्धारित कतार व्यवस्था का पालन कराने, सही जानकारी उपलब्ध कराने तथा वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांग यात्रियों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया गया।
• आपातकालीन मार्ग – एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं राहत-बचाव वाहनों के लिए मार्ग को सदैव सुचारु और बाधारहित रखने का निर्णय लिया गया।
• स्वच्छता एवं जनसहयोग – व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालने तथा यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने का अनुरोध किया गया।
• मौसम व प्रशासनिक निर्देश – मौसम सम्बन्धीप्रतिकूल परिस्थितियों अथवा यात्रा संचालन में किसी भी प्रकार के परिवर्तन की स्थिति में प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक सोनप्रयाग की अपील – “केदारनाथ यात्रा उत्तराखण्ड की आस्था, संस्कृति एवं अतिथि सत्कार का प्रतीक है। प्रत्येक हितधारक की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वह देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज एवं सकारात्मक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने में अपना पूर्ण योगदान दे।”बैठक के दौरान टैक्सी यूनियन एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों द्वारा भी विभिन्न व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर सकारात्मक चर्चा करते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सम्बन्धित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया। सभी पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा यात्रा को सफल व सुरक्षित बनाने हेतु संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर नवनियुक्त कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री नीलाभ खाली, सोनप्रयाग व्यापार मंडल/टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष श्री अंकित गैरोला, कोषाध्यक्ष श्री तिवारी जी तथा अन्य पदाधिकारी एवं स्थानीय व्यवसायी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में सभी पदाधिकारियों द्वारा नवनियुक्त कोतवाली प्रभारी का फूल-मालाओं के साथ स्वागत एवं अभिनन्दन भी किया गया।
