उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर यातायात नियमों के उल्लंघन और फर्जी तरीके से रौब जमाने वाले वाहनों के विरुद्ध रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 07/06/2026 को कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (वाहन संख्या: BR 01FT 2735) को पकड़ा गया। इस वाहन पर अनाधिकृत रूप से ‘बिहार सरकार’ लिखा हुआ था और गाड़ी में अवैध रूप से हूटर व नेम पट्टिका लगाई गई थी। इस नेम पट्टिका से सम्बन्धित कोई भी व्यक्ति मौजूद होना नहीं पाया गया। इनसे पूछताछ में सामने आया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान नियमों को ताक पर रखकर वीआईपी (VIP) बनने और अनावश्यक लाभ उठाने के इरादे से इस गाड़ी पर फर्जी तरीके से हूटर और राजकीय पट्टिका का इस्तेमाल किया जा रहा था। रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त स्कॉर्पियो वाहन से नेम पट्टिका व हूटर निकालकर/जब्तकर इस वाहन को एम.वी. एक्ट (Motor Vehicle Act) के तहत तत्काल सीज कर दिया गया है। यात्रा मार्ग पर नियमों का उल्लंघन करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
