उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन के विस्तार के लिए सर्वे को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहमति देकर बजट का प्रविधान कर दिया है।मेरठ के रास्ते ऋषिकेश तक नमो भारत (रैपिड रेल) ट्रेन चली तो दिल्ली से बदरीनाथ व केदारनाथ की यात्रा काफी आसान हो जाएगी।इसकी वजह प्रस्तावित दिल्ली-हरिद्वार-ऋषिकेश नमो भारत रैपिड रेल कारिडोर और निर्माणाधीन ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना है।अभी दिल्ली से ऋषिकेश तक सड़क मार्ग से पहुंचने में सामान्यतः पांच से छह घंटे लग जाते हैं। इसके बाद पहाड़ी रास्तों से बदरीनाथ और केदारनाथ की यात्रा लंबी और थकान वाली हो जाती है।यात्रा सीजन में जाम, बारिश व भूस्खलन की चुनौती यात्रियों की परेशानी बढ़ाती है। यदि दोनों परियोजनाएं परवान चढ़ीं तो दिल्ली से बदरीनाथ व केदारनाथ यात्रा का पूरा ढांचा बदल सकता है।श्रद्धालु दिल्ली से नमो भारत के जरिए तेजी से ऋषिकेश पहुंचेंगे और वहां से रेल के जरिए सीधे कर्णप्रयाग तक जा सकेंगे।इससे पहाड़ों पर सड़क की यात्रा काफी कम हो जाएगी। इससे केवल चारधाम यात्रा को फायदा नहीं होगा बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
