उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटकों ने चकराता का दौरा किया, जिससे स्थानीय बाजार और पर्यटन स्थल गुलजार हो गए। पर्यटकों ने प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ स्थानीय व्यंजनों का मजा लिया। चकराता में होटल और रेस्टोरेंट्स में खूब भीड़ रही, जिससे स्थानीय व्यापारियों को भी फायदा हुआ।वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के चकराता आने से छावनी बाजार सहित आसपास के पर्यटक स्थल गुलजार रहे। दोपहर तक ही चकराता के होटल पैक हो गए थे। देर शाम तक चकराता आने वाले पर्यटक कमरे तलाशते नजर आए। गर्मी के बढ़ते प्रकोप से राहत पाने के लिए शनिवार को बड़ी संख्या में पर्यटक एवं प्रकृति प्रेमी पहाड़ों का राजा कहे जाने वाले पर्यटन स्थल चकराता पहुंचे। वीकेंड होने के कारण छावनी बाजार सहित आसपास के पर्यटन स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की भारी चहल पहल देखने को मिली। सैलानियों की आमद से पूरे बाजार क्षेत्र में रौनक छाई रही तथा स्थानीय व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे।शनिवार को सुबह से ही देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक अपने परिवार और मित्रों के साथ चकराता पहुंचे। पर्यटकों के चकराता पहुंचने से बाजार के होटल, रेस्टोरेंट, चाय की दुकानों, स्थानीय उत्पादों की दुकानों और हस्तशिल्प प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। पर्यटकों ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया और चकराता की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठाया। पर्यटकों ने चकराता के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों टाइगर फॉल, देववन, मोइला टॉप, कनासर, कोटी बेनाल फॉल सहित आसपास के प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण किया। वीकेंड के चलते चकराता-कालसी मोटर मार्ग, चकराता-मसूरी मार्ग, चकराता-लाखामण्डल मार्ग समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही। स्थानीय होटल व्यवसायियों और व्यापारियों के अनुसार वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है। इससे पर्यटन व्यवसाय को गति मिली है तथा स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। कई होटलों और होमस्टे में पर्यटकों की अच्छी बुकिंग दर्ज की गई।
