उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तराखंड में अगले 4 दिनों तक भारी बारिश, ओले गिरने और तेज हवाओं का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने ट्रेकिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।उत्तराखंड में अगले 4 दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल सहित कई जिलों में 4 और 5 अप्रैल को भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग पर रोक लगाने का सुझाव दिया है ताकि कोई दुर्घटना न हो। आपदा प्रबंधन अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 4 अप्रैल को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत एवं ऊधम सिंह नगर में ऑरेंज अलर्ट रहने की संभावना है। इसमें उक्त जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, वर्षा का तीव्र से अति तीव्र दौर, झोंकेदार हवाएं, जिनकी गति 40-50 किमी प्रति घंटा चलने की संभावना व्यक्त की गई है जबकि 5 अप्रैल को जनपद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।इसमें उक्त जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, बारिश का तीव्र से अति तीव्र दौर, झोंकेदार हवाएं , जिनकी गति 40-50 किमी प्रति घंटा चलने की संभावना है। साथ ही अन्य जनपदों के लिए आज से 06 अप्रैल यानी बुधवार तक येलो अलर्ट है। जिसमें कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर एवं झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।उपरोक्त जिलों में बारिश और मौसम खराब रहने के दौरान ट्रेकिंग की अनुमति न देने का सुझाव दिया गया है। इससे खतरे की संभावना कम से कम हो। हर स्तर पर तत्परता एवं सुरक्षा बनाए रखते हुए आवागमन में नियंत्रण बरता जाए। किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्थलीय कार्यवाही करते हुए सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जायें। साथ ही, आपदा प्रबन्धन की आईआरएस प्रणाली के नामित समस्त अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट में रहेंगे।
