उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
लोक निर्माण विभाग ने मानसून की दस्तक से पहले अपना रिपोर्ट कार्ड तैयार कर लिया है और उसमें खुद को ‘फुल मार्क्स’ भी दे दिए हैं। कई निर्माण खंडों को ‘डिस्टिंक्शन’ भी दे डाली है।विभाग का दावा है कि 75.99 करोड़ रुपये के प्रस्तावित प्री-मानसून पैच रिपेयर कार्यों में 97.81 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, लेकिन विभाग की इस ‘ए-प्लस ग्रेड’ वाली मार्कशीट की असली परीक्षा मानसून में होगी।पहली तेज बारिश बताएगी कि मरहम वास्तव में सड़कों पर लगा है या सिर्फ फाइलों पर। लोनिवि के अनुसार प्रदेश में 419 पैच रिपेयर कार्यों के तहत 8,674.10 किमी. सड़क नेटवर्क को शामिल किया गया। जून माह तक 3,790.68 किमी. पैच रिपेयर करने का लक्ष्य था, इसमें से 3,707.58 किलोमीटर सड़क गड्ढामुक्त कर दी गई है।
चार जोन को 100 प्रतिशत नंबर, देहरादून सबसे पीछे
प्रदर्शन के आधार पर देखें तो राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) जोन ने 102.26 प्रतिशत, अल्मोड़ा जोन ने 101.36 प्रतिशत, हल्द्वानी जोन ने 100.33 प्रतिशत और पौड़ी जोन ने 100.29 प्रतिशत प्रगति दर्ज कर लक्ष्य से आगे निकलने का दावा किया है।उधर, देहरादून जोन केवल 85.59 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश का सबसे कमजोर जोन रहा।
निर्माण खंड में एनएच देहरादून अव्वल, रुड़की सबसे फिसड्डी
एनएच डिवीजन देहरादून 125 प्रतिशत प्रगति के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद अस्थायी खंड घनसाली (111.11प्रतिशत), थत्यूड़ (107.25 प्रतिशत), प्रांतीय खंड डीडीहाट (104.17प्रतिशत) और निर्माण खंड अल्मोड़ा (104.03 प्रतिशत) रहे। दूसरी ओर, निर्माण खंड रुड़की 28.42 प्रतिशत प्रगति के साथ सबसे फिसड्डी रहा।इसके बाद निर्माण खंड बड़कोट (41.67प्रतिशत), प्रांतीय खंड देहरादून (78.04प्रतिशत), निर्माण खंड देहरादून (90.94 प्रतिशत) और प्रांतीय खंड भटवाड़ी (92.31प्रतिशत) का स्थान रहा। रुड़की में 81.47 किमी लक्ष्य के मुकाबले केवल 23.15 किमी पैच रिपेयर हो सका।
