उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
थराली/ ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार करनाल (हरियाणा) निवासी साहिल बाबा (19) अपने दोस्तों के साथ हेमकुंड साहिब की यात्रा पूरी कर बाइक से कर्णप्रयाग की ओर लौट रहा था। इसी दौरान नंदप्रयाग हाईवे पर बगड़ चौराहे के समीप उसकी बाइक (संख्या PB46AN9223) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद राहगीरों तथा उसके साथ यात्रा कर रहे दोस्तों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही नंदप्रयाग चौकी प्रभारी जतन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भिजवाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।नंदप्रयाग चौकी प्रभारी जतन सिंह ने बताया कि मृतक हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहा था। प्रारंभिक जांच में बाइक फिसलने से हादसा होना सामने आया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
