उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तराखंड और पश्चिमी यूपी के लोगों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। दिल्ली-मेरठ Namo Bharat Corridor को करीब 150 किलोमीटर बढ़ाकर ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला तक ले जाने की तैयारी है। इससे दिल्ली से ऋषिकेश का सफर सिर्फ 2.5 से 3 घंटे में पूरा हो सकेगा।उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दिल्ली-मेरठ Namo Bharat Corridor को अब आगे ऋषिकेश तक बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तराखंड सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के बीच सहमति बन गई है।प्रस्ताव के अनुसार, मौजूदा दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर को करीब 150 किलोमीटर तक आगे बढ़ाया जाएगा। नया विस्तार मेरठ के मोदीपुरम से शुरू होकर हरिद्वार और ऋषिकेश होते हुए लक्ष्मण झूला तक पहुंचेगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली और ऋषिकेश के बीच यात्रा पहले से कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
2.5 से 3 घंटे में पहुंचेगी ऋषिकेश
फिलहाल दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में सड़क मार्ग से लगभग 5 से 6 घंटे का समय लग जाता है। खासकर वीकेंड, छुट्टियों और यात्रा सीजन में ट्रैफिक के कारण यह समय और बढ़ जाता है। नई नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यही सफर केवल 2.5 से 3 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। ट्रेन की संभावित अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस परियोजना का लाभ केवल रोजाना यात्रा करने वालों को ही नहीं, बल्कि चारधाम यात्रियों, पर्यटकों और रियल एस्टेट संबंधी गतिविधियों को भी मिलेगा।
जल्द शुरू होगा DPR और सर्वे का काम
इस कॉरिडोर के लिए Detailed Project Report (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। इसके लिए विस्तृत सर्वे कराया जाएगा, जिसमें रूट, स्टेशन, लागत और तकनीकी पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड सरकार ने इस परियोजना के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। वहीं NCRTC और उत्तर प्रदेश सरकार भी परियोजना के प्रारंभिक चरण में सहयोग कर रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि DPR तैयार होने के बाद परियोजना को अंतिम मंजूरी मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।प्रस्तावित रूट के अनुसार नमो भारत कॉरिडोर मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से आगे बढ़ेगा। इसके बाद ट्रेन मुजफ्फरनगर क्षेत्र से गुजरते हुए उत्तराखंड में प्रवेश करेगी। उत्तराखंड में संभावित प्रमुख स्टेशन निम्न स्थानों पर हो सकते हैं:,रुड़की,IIT रुड़की,हरिद्वार,हर की पौड़ी क्षेत्र,ऋषिकेश
लक्ष्मण झूलाइस विस्तार का लगभग 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में और करीब 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा। इस रूट के बनने से दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच कनेक्टिविटी पहले से काफी बेहतर हो जाएगी।दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की सफलता के बाद अगला कदम,दिल्ली से मेरठ तक नमो भारत ट्रेने का संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। इसी को देखते हुए अब इस सेमी हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को उत्तराखंड तक विस्तार देने की योजना बनाई गई है। यदि परियोजना तय समय पर आगे बढ़ती है, तो आने वाले वर्षों में दिल्ली से ऋषिकेश तक का सफर देश के सबसे आधुनिक क्षेत्रीय रैपिड ट्रांज़िट सिस्टम (RRTS) नेटवर्क के जरिए पूरा किया जा सकेगा।इस परियोजना को उत्तराखंड की परिवहन व्यवस्था और पर्यटन क्षेत्र के लिए गेम चेंजर माना जा रहा है। इससे दिल्ली-NCR और उत्तराखंड के बीच यात्रा का अनुभव पूरी तरह बदल सकता है।
