उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राजपुर थाना पुलिस ने हाई प्रोफाइल ड्रग नेटवर्क से जुड़े कोबरा गैंग के दो विदेशी पेडलरों समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत की 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक बरामद कोकीन दिल्ली से देहरादून लाई गई थी और इसे शहर की हाई प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई किया जाना था।पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार विदेशी नागरिक कोबरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं, जो अपने देश से आने-जाने के दौरान दिल्ली से कोकीन लाकर देहरादून में सप्लाई करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस का दावा है कि इससे पहले भी कोबरा गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में कोकीन बरामद की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य तस्करों की तलाश जारी है।
