उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देहरादून में एक कंपनी की ओर से हर महीने भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों से करीब 25 करोड़ रुपये की ठगी की घटना सामने आई है। पीड़ितों की शिकायत पर मुख्य आरोपी नवीन सिंह नेगी और उसके साथियों पर केस दर्ज हुआ है। देहरादून में निवेश के नाम पर करोड़ों ठगने का एलयूसीसी जैसा एक और बड़ा मामला सामने आया है। बोट ब्रो क्रास मार्केट माइन क्रिटो नाम की कंपनी ने निवेशकों को हर महीने 5 से 10 फीसदी मोटा मुनाफा देने का लालच देकर करीब 25 करोड़ रुपये हड़प लिए। पीड़ितों की एक तहरीर रायपुर थाने में मुख्य आरोपी नवीन सिंह नेगी और उसके पांच साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मुख्य आरोपी करीब तीन माह पहले विदेश भाग चुका है।शुक्रवार को रायपुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि किद्दूवाला निवासी दुर्गा बहादुर गुरुंग ने तहरीर दी। आरोपी नवीन सिंह नेगी ने दो साल पहले कंपनी को वैध बताकर निवेश के लिए प्रलोभित किया था।
नामी होटलों में मीटिंग
आरोपियों ने व्यक्तिगत गारंटी देते हुए दावा किया था कि निवेशक छह महीने बाद अपनी मूल राशि बिना किसी कटौती के निकाल सकते हैं। इसके लिए बकायदा बिजनेस आईडी और 10 हजार रुपये का लाइसेंस शुल्क भी वसूला गया। आरोपियों ने देहरादून के नामी होटलों में सेमिनार मीटिंग और ऑनलाइन मीटिंग भी की।
कई इलाकों के लोग हुए ठगी का शिकार
इस ठगी का शिकार केवल रायपुर ही नहीं, नथुवावाला, बालावाला, अजबपुर कलां और गढ़ी कैंट जैसे इलाकों के लोग हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी पीड़ितों की संख्या और ठगी का आंकड़ा अन्य जिलों में बढ़ जाएगा। बता दें कि एलयूसीसी नाम की कंपनी ने भी निवेश के नाम पर लोगों के 400 करोड़ रुपये हड़प लिए थे।निवेशकों को प्लॉट का भी झांसा दिया,शुरुआत में निवेशकों को बिहारीगढ़ में प्लॉट और आगामी तिथि के चेक देने का भी भरोसा दिलाया गया था। जो महज छलावा साबित हुआ। पीड़ितों के अनुसार अक्तूबर 2025 में कंपनी अचानक बंद हो गई। पीड़ितों ने आरोपियों से बात की तो जालसाज कुछ समय में रकम मिलने का झांसा देते रहे। शुरुआती शिकायत में 20-25 करोड़ रुपये ठगी का आरोप है। राज्य स्तर पर इसकी रकम और बढ़ सकती है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
ये बनाए गए मुकदमे में आरोपी
मुख्य आरोपी नवीन सिंह नेगी निवासी सिद्ध विनायक कॉलोनी रायपुर, दीपेश देवरानी निवासी बालावाला, जगपाल सिंह सजवाण निवासी गुलरघाटी, सुरेंद्र प्रसाद कोटवाल निवासी रायपुर, अनिल कुमार परदेशी निवासी चुक्खू मोहल्ला और कमल सिंह रावत निवासी नकरौंदा।
