
उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो

उत्तरकाशी। पंचायत चुनाव का तृतीय और अंतिम रेंडमाइजेशन हुआ। डीएम प्रशांत आर्य की मौजूदगी में जिला कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में तृतीय चरण की रेंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को न्यूनतम करने के उद्देश्य से इस महत्वपूर्ण चरण में मतदान कर्मियों की अंतिम चुनावी ड्यूटी का निर्धारण किया गया।एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि पंचायत चुनाव के तहत जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में सफल चुनाव संपन्न कराने के लिये 608 मतदान स्थल बनाए गए है। साथ ही मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए दस प्रतिशत आरक्षित सहित 671 पोलिंग पार्टी चयनित की गई है।
वहीं दस प्रतिशत आरक्षित सहित 3355 कार्मिकों को नियुक्त किया गया है। इसमें 671 महिलाएं और 2684 पुरुष कार्मिक है। इसके अतिरिक्त पंचायत चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए 96 जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। इस मौके पर सीडीओ एसएल सेमवाल, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम डुंडा देवानंद शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी योगेंद्र सैनी आदि मौजूद रहे।
