
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
पौड़ी। जनपद की गगवाड़स्यूं घाटी के पाबौ तल्ला स्थित नेगियाणा गांव निवासी युवा सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद मंद्रवाल को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी विभाग ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चमोली जनपद का प्रभारी नियुक्त किया गया है। एक छोटे से गांव से निकलकर सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी पहचान बनाने वाले प्रमोद मंद्रवाल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इसे पौड़ी जनपद के लिए भी गौरव की बात माना जा रहा है। प्रमोद मंद्रवाल लंबे समय से युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। सामाजिक संगठनों के माध्यम से युवाओं को एकजुट करने, जरूरतमंद लोगों की मदद करने और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। कहा कि वह शहीद स्मारक में पहुंचकर राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर विधानसभा चुनाव प्रभारी के रूप में अपना पदभार ग्रहण करेंगे।

