
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
नई टिहरी। विभिन्न गांव के तीन फौजियों का सेना से सेवानिवृत होने पर नगर क्षेत्र चंबा में भव्य स्वागत किया गया। पूर्व सैनिक संगठन और स्थानीय लोगों द्वारा ढोल नगाड़े और फूल-मालाओं से स्वागत कर सफल सेवाकाल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी गई।रविवार को चंबा में सेमवाल गांव निवासी 14 वीं गढ़वाल राइफल के सूबेदार मकान सिंह तोमर, बुडोगी गांव निवासी 15वीं गढ़वाल राइफल के सूबेदार यशपाल सिंह चौहान और क्यारी- नकोट निवासी 15वीं गढ़वाल राइफल के सूबेदार कुलदीप सिंह के 28 साल की सेवा के बाद सेना से सेवानिवृत होने पर पूर्व सैनिक संगठन और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। सेना के तीनों जवानों का सर्वप्रथम पूर्व सैनिक संगठन कार्यालय में फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उसके बाद उन्हें मोमेंटो और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मान कार्यक्रम के बाद तीनों फौजियों को ढोल दमाऊ के साथ साथ गबर सिंह नेगी स्मारक पर ले जाया गया, जहां तीनों फौजियों ने बारी बारी से गबर सिंह नेगी की मूर्ति पर पुष्य अर्पित किए। स्मारक में पूर्व फौजियों ने अपनी परिजनों संग फोटो भी खींचे। इस मौके पर पूर्व सैनिक संगठन के संरक्षक देव सिंह पुंडीर और अध्यक्ष संजय रावत ने कहा कि जब भी कोई फौजी देश सेवा के बाद सेना से सेवानिवृत होता है तो पूर्व सैनिक संगठन द्वारा सम्मान के रूप में घर आने पर उनका स्वागत किया जाता है।यह सब इसलिए किया जाता है कि फौजी अपने परिवार को छोड़कर देश सेवा के लिए रात दिन की ड्यूटी करता है। उसका काम दूसरों से अलग होता है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य शीशपाल सिंह राणा, जोत सिंह असवाल, संगठन के अध्यक्ष संजय रावत, संरक्षक देव सिंह पुंडीर, कृष्णा ममगाई, आनंद सिंह नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष सोबनी धनोला, पूर्व अध्यक्ष सुमना रमोला आदि जनप्रतिनिधि पूर्व सैनिक और फौजियों के परिजन मौजूद रहे।

