उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तराखंड के सभी जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट है। विशेष रूप से देहरादून, बागेश्वर, चमोली और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 4 जिलों में स्कूलों की छुट्टी है।उत्तराखंड में आज भी मौसम का तांडव जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए राजधानी देहरादून, चमोली, बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी देहरादून में आधी रात से लगातार बारिश हो रही है। सचिव विनोद कुमार सुमन ने नागरिकों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, यात्रा से पूर्व मौसम की अद्यतन जानकारी लेने की अपील की है। देहरादून,चमोली, बागेश्वर और पौड़ी में भारी बारिश के कारण स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।देहरादून समेत कई जिलों में गुरुवार को भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। इसको देखते हुए देहरादून में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी सरकारी, अशासकीय और निजी स्कूलों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। उधर, पौड़ी में भी बारिश के अलर्ट को देखते हुए स्कूलों में अवकाश रखा गया है।मानसून में हाई अलर्ट पर रहें सभी एजेंसियां: धामी
सीएम ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से फोन पर बातचीत कर हालात की जानकारी ली। सीएम ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभागों को समन्वय से 24 घंटे हाई अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा की स्थिति में बिना विलंब राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाए। जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रदेश में 111 सड़कें बंद
बारिश के चलते भूस्खलन और गाड़-गदेरों के उफनने से सड़कें लगातार बंद हो रही हैं। बुधवार देर शाम तक प्रदेश में 111 सड़कें बंद थीं। एजेंसियों की ओर से सड़कों को खोलने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी आपदा प्रबंधन एवं राहत एजेंसियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
