उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
दिनांक 08.05.2026 को अपने परिवार के साथ श्री केदारनाथ यात्रा पर आये एक श्रद्धालु ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पत्नी और 08 वर्षीय पुत्र यात्रा के दौरान उनसे कहीं बिछड़ गये हैं। साथ में यह भी बताया गया कि उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुये अपर उपनिरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में जंगलचट्टी पुलिस टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। कड़ी मेहनत और सतर्कता के बाद लगभग सायं 03:30 बजे उक्त महिला और उनके बच्चे को चीरबासा हेलीपैड के समीप सुरक्षित ढूंढ लिया गया। महिला और बच्चे और उनके पास मौजूद समस्त सामान को सुरक्षित उनके पति के सुपुर्द कर दिया गया। अपने परिवार को सकुशल वापस पाकर श्रद्धालु ने भावुक होते हुए अपर उपनिरीक्षक राकेश कुमार एवं पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।रुद्रप्रयाग पुलिस समस्त श्रद्धालुओं से अपील करती है कि यात्रा के दौरान बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एक-दूसरे का हाथ थामे रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी या 112 को सूचित करें।
