उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस का शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार से नियमित ठहराव शुरू हो गया है। इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर समारोह का आयोजन किया गया।यहां मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया। बुधवार सुबह शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर उत्सव का माहौल रहा। सुबह सात बजकर 34 मिनट पर जैसे ही ट्रेन संख्या 22545 वंदे भारत एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने उसका जोरदार स्वागत किया।दो मिनट के ठहराव के बाद राज्यसभा सदस्य मिथिलेश कुमार कठेरिया, एमएलसी डा. सुधीर गुप्ता, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि कौशल मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर और डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।राज्यसभा सदस्य और डीआरएम के लिए रोकी ट्रेन,राज्यसभा सदस्य मिथिलेश कुमार कठेरिया को इस ट्रेन से आगे जाना था। पहले उन्होंने हरी झंडी दिखाई और ट्रेन आगे बढ़ी, लेकिन राज्यसभा सदस्य के लिए फिर रोक दी गई। तब वह ट्रेन में सवार हुए, उनके साथ डीआरएम विनीता भी मुरादाबाद तक रवाना हुईं।
