
उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
नगर निगम के रिकार्ड के अनुसार दून में एक लाख रुपये से ऊपर के करीब 320 बकायेदार हैं। इन सभी पर 28 करोड़ रुपये कर बकाया है। दूसरी ओर एक करोड़ से ऊपर चार बकायेदार हैं।
नगर निगम बड़े बकायेदारों से कर नहीं वसूल पा रहा है। 320 बकायेदारों पर निगम का 28 करोड़ का बकाया है। नगर निगम पूर्व में कई बार नोटिस दे चुका है, लेकिन बड़े बकायेदार इसका संज्ञान नहीं ले रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी हैं। इन प्रॉपर्टी से इस बार निगम ने 60 करोड़ रुपये कर वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया था। सामान्य बकायेदारों में ज्यादातर ने अपना कर जमा करा दिया है, लेकिन दून नगर निगम के बड़े बकायेदार अभी भी कर नहीं जमा कर रहे हैं। नगर निगम के रिकार्ड के अनुसार दून में एक लाख रुपये से ऊपर के करीब 320 बकायेदार हैं। इन सभी पर 28 करोड़ रुपये कर बकाया है। दूसरी ओर एक करोड़ से ऊपर चार बकायेदार हैं। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यदि ये लोग अपना कर नहीं जमा करते हैं तो 12 प्रतिशत ब्याज के साथ कर जमा करना होगा।
छुट्टी के दिन भी खुला कर अनुभाग
बुधवार को छुट्टी के दिन भी कर वसूली के लिए नगर निगम का कर अनुभाग खुला रहा। लोग अपना कर जमा करने के लिए नगर निगम में डटे रहे। कर अधीक्षक धर्मेश पैन्यूली ने बताया लोगों की सहूलियत के लिए नगर निगम में तीन अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं, ताकि किसी को कर जमा करने के लिए लाइन में ना लगना पड़े। वित्तीय वर्ष 2024-25 का कर 20 प्रतिशत छूट के साथ जमा किया जा रहा है। 31 मार्च के बाद यह छूट खत्म हो जाएगी और 12 प्रतिशत का ब्याज लगेगा।