उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो

रुद्रप्रयाग। “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” के संकल्प के साथ जनपद में संचालित 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत आज एक विशेष जागरुकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री अक्षय प्रल्हाद कोंडे के निर्देशन में यातायात पुलिस टीम ने सुमेरपुर स्थित निर्माणाधीन रेलवे सुरंग (Railway Tunnel) स्थल पर पहुँचकर वहां कार्यरत सैकड़ों मजदूरों और कामगारों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया गया।सुरक्षा उपकरणों और सतर्कता पर जोर – यातायात निरीक्षक कैलाश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मजदूरों को कार्यस्थल और सड़क पर सुरक्षित रहने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
पुलिस टीम ने मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर जानकारी साझा की गयी –
• विजिबिलिटी का महत्व: निर्माण स्थलों और रात के समय रिफ्लेक्टिव जैकेट व हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के बारे में बताया गया, ताकि भारी वाहनों के चालकों को दूर से ही व्यक्ति दिखाई दे सके।
• सुरक्षित दूरी: भारी मशीनों और वाहनों के मूवमेंट के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।
• नशा और लापरवाही: शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ के सेवन के बाद सड़क पर न चलने की सख्त हिदायत दी गई।
• इमरजेंसी रिस्पॉन्स: आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु 112 नंबर के उपयोग के बारे में जागरुक किया गया।
सड़क सुरक्षा की दिलाई गई शपथ
जागरुकता सत्र के अंत में उपस्थित सभी कामगारों और अधिकारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल एक कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि यह अपने परिवार की खुशियों को सुरक्षित रखने का आधार भी है।
निरंतर जारी रहेंगे अभियान – रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, टैक्सी यूनियनों और सार्वजनिक स्थलों पर इसी प्रकार के अभियान निरन्तर जारी रहेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य जनपद में सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को शून्य पर लाना और एक सुरक्षित यातायात संस्कृति को विकसित करना है।
