
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
श्रीनगर। नियम सबके लिए बराबर हैं, चाहे आम नागरिक हो या कोई बड़ा अधिकारी। इस बात को श्रीनगर में तैनात होमगार्ड जवान अशोक कुमार ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा से साबित कर दिखाया।श्रीनगर के काला रोड पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू है। इसी दौरान एक बड़े ओहदे के अधिकारी ने नियमों को दरकिनार करते हुए अपनी गाड़ी वन-वे मार्ग में ले जाने का प्रयास किया। मौके पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे होमगार्ड कर्मी अशोक कुमार ने उन्हें नियमों का हवाला देते हुए आगे जाने से रोक दिया।बताया जा रहा है कि अधिकारी ने अपने रसूख का इस्तेमाल करते हुए एक उच्चाधिकारी को फोन कर अशोक कुमार पर दबाव बनाने का प्रयास भी किया, लेकिन होमगार्ड जवान अपने फैसले पर अडिग रहे और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।अशोक कुमार की इस कर्तव्यनिष्ठा और साहस की जानकारी मिलने पर श्रीनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने होमगार्ड जवान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।इस घटना ने एक बार फिर संदेश दिया है कि कानून और यातायात के नियम सभी के लिए समान हैं। वर्दी की असली पहचान रसूख के आगे झुकना नहीं, बल्कि अपने कर्तव्य का ईमानदारी से पालन करना है।

