उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

देहरादून जिले के विकासनगर थाना क्षेत्र के संगीनार बाजार में सामने आए मारपीट के मामले को लेकर एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि यह घटना एक दुकान के भीतर अचानक हुए विवाद का परिणाम थी और इसका किसी भी तरह से धर्म, जाति या क्षेत्रीय पहचान से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दो कश्मीरी युवक बाजार में एक कन्फेक्शनरी की दुकान पर सामान खरीदने गए थे, जहां दुकानदार संजय यादव से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी कहासुनी के बाद दुकानदार द्वारा उन युवकों पर हमला किया गया।एसएसपी के अनुसार, दोनों युवक अपने पिता के साथ पोंटा साहिब में किराए पर रहते हैं और छुट्टियों में वहीं आए हुए थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया, जिसमें सभी जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गईं। पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हमलावर को हिरासत में लेकर मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से भी यह स्पष्ट हुआ है कि घटना में कोई और व्यक्ति शामिल नहीं था और यह एक व्यक्तिगत विवाद था।
