उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
एलपीजी संकट से देशभर में लोग हलकान और परेशान हैं। उत्तराखंड में सरकार ने आपातकालीन तैयारी तेज कर दी है। वन मंत्री ने कहा कि अगर एलपीजी की कमी हुई तो जलाने के लिए लकड़ी दी जाएगी।मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और अमेरिका-इजरायल की ईरान से युद्ध के चलते भारत में गैस आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। इस वैश्विक संकट के मद्देनजर केंद्र सरकार ने कमर कस ली है। उत्तराखंड में पुष्कर धामी सरकार ने भी आपातकालीन कदम उठाते हुए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए फायरवुड उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। वन मंत्री सुबोध उनियाल का कहना है कि संकट जैसे हालात हैं, लेकिन चिंता की बात नहीं। अगर एलपीजी की कमी हुई तो सरकार जलाने के लिए लकड़ी देगी।दरअसल, मिडिल ईस्ट देशों में जारी संकट की वजह से भारत को होने वाली गैस सप्लाई 30 फीसदी तक घट गई है। भारत हर दिन करीब 191 मिलियन क्यूबिक मीटर गैस की खपत करता है। इसमें से आधी गैस दूसरे देशों से मंगाई जाती है। लेकिन हॉर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले टैंकर अब नहीं आ पा रहे हैं, जिससे करीब 60 मिलियन क्यूबिक मीटर गैस की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है।
