उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग में 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की गोली लगने से मौत हो गई, जानकारी के मुताबिक, ब्रिगेडियर जोशी रोज की तरह सुबह की सैर पर निकले थे, तभी करीब 6 से 7 बजे के बीच फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो दो गाड़ियों में सवार लोगों के बीच तेज रफ्तार में पीछा और विवाद चल रहा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो कार से फायरिंग की गई और एक गोली ब्रिगेडियर जोशी को जा लगी, जिनका इस घटना से कोई संबंध नहीं था। आनन फानन में ब्रिगेडियर जोशी को अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है, वहीं इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।आरोपियों की धरपकड़ के लिए जगह-जगह नाकाबंदी की गई है। देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। सभी थाना चौकी प्रभारी को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
