उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
अगर आप इस वीकेंड नैनीताल की वादियों या बाबा नीम करौली के पावन कैंची धाम जाने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें. सरोवर नगरी में पर्यटकों का ऐसा सैलाब उमड़ा है कि सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं. भीड़ इतनी ज्यादा है कि पुलिस को बीच रास्ते में ही मोर्चा संभालना पड़ा है और अब शहर के अंदर एंट्री के नियम पूरी तरह बदल दिए गए हैं. कैंची धाम जाने वालों के लिए खास शटल सेवा शुरू की गई है, क्योंकि अब आपकी अपनी गाड़ी सीधे मंदिर तक नहीं जा पाएगी. जानिए प्रशासन का नया ट्रैफिक प्लान, जिससे आप घंटों लंबे जाम में फंसने से बच सकते हैं.उत्तराखंड की खूबसूरत सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ से गुलजार है. वीकेंड और लॉन्ग वीकेंड के चलते यहां सैलानियों का ऐसा रेला उमड़ा है कि शहर की सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिल रहा हैं. नैनी झील के किनारे चहल-पहल बढ़ गई है, होटल फुल हैं और माल रोड पर वाहनों की कतार नाजर आने लगी है. इसके अलावा नैनीताल के पास स्थित बाबा नीम करौली के प्रसिद्ध कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है.भीड़ के बढ़ते दबाव ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. ट्रैफिक जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है, जो खासतौर पर वीकेंड और भीड़ के पीक समय पर प्रभावी रहेगा. इस प्लान के तहत अब पर्यटकों को अपनी निजी गाड़ियों के बजाय शटल सेवा का सहारा लेना होगा.
स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी
स्थानीय निवासी धीरज सिंह बिष्ट बताते हैं कि सीजन के दौरान हर वीकेंड पर यही हाल हो जाता है. शहर के प्रमुख इलाकों माल रोड, बिरला रोड, राजभवन मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में घंटों जाम लगा रहता है. इससे न केवल पर्यटकों को परेशानी होती है, बल्कि स्थानीय लोगों का दैनिक जीवन भी प्रभावित होता है. उनका कहना है कि प्रशासन को स्थायी समाधान निकालना चाहिए, क्योंकि हर साल पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है.
