
उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
11 नवम्बर को केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के उपरान्त शुरू हुई डोली की शीतकालीन गद्दीस्थल तक की यात्रा, विभिन्न पड़ावों से होते हुए आज पहुंची ऊखीमठ।
विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के उपरान्त बाबा केदार की पंचमुखी चल-विग्रह उत्सव डोली आज दिनांक 13 नवम्बर 2026 को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मन्दिर, ऊखीमठ पहुंच गई। यहां पहुंचने पर बाबा केदार की डोली का श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति का माहौल देखने को मिला। बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 11 नवम्बर 2026 को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए थे। कपाट बंद होने के उपरान्त बाबा केदार की चल-विग्रह उत्सव डोली ने अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मन्दिर, ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया था।
अपनी यात्रा के प्रथम चरण में डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए दिनांक 11 नवम्बर को प्रथम रात्रि प्रवास स्थल रामपुर पहुंची। इसके उपरान्त दिनांक 12 नवम्बर को बाबा केदार की डोली ने विश्वनाथ मन्दिर, गुप्तकाशी में रात्रि प्रवास किया।आज दिनांक 13 नवम्बर को प्रातःकाल विश्वनाथ मन्दिर, गुप्तकाशी से बाबा केदार की चल-विग्रह उत्सव डोली ने अपने अगले पड़ाव अर्थात शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मन्दिर, ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। श्रद्धालुओं के जयकारों एवं भक्ति भाव के बीच डोली ने अपनी यात्रा पूर्ण करते हुए श्री ओंकारेश्वर मन्दिर, ऊखीमठ में आगमन किया।डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना एवं धार्मिक परम्पराओं का निर्वहन अब श्री ओंकारेश्वर मन्दिर, ऊखीमठ में निर्धारित परम्पराओं के अनुसार किया जाएगा।बाबा केदार की इस पावन यात्रा के दौरान सम्पूर्ण क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था एवं भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

