उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
प्रदेश सरकार ने इस बार धामों में दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों की निर्धारित संख्या की व्यवस्था को समाप्त किया है। यात्रा का पंजीकरण करने वाले तीर्थयात्रियों को धामों में जाने से किसी तरह की रोकटोक नहीं है।चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री धाम में दर्शन के लिए लंबी लाइनें लगी हुई हैं। शुक्रवार को गंगोत्री धाम में लगभग एक किमी तक लाइन लगने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल रहा। केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए कई घंटों तक लाइन इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, सोनप्रयाग में टैक्सी शटल के लिए पार्किंग तक लाइन लग रही है।प्रदेश सरकार ने इस बार धामों में दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों की निर्धारित संख्या की व्यवस्था को समाप्त किया है। यात्रा का पंजीकरण करने वाले तीर्थयात्रियों को धामों में जाने से किसी तरह की रोकटोक नहीं है। इस समय चारधाम यात्रा चरम पर है। देश दुनिया से तीर्थयात्री धामों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।गंगोत्री धाम में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने के कारण बड़े पत्थर से मंदिर और स्नान घाटों की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा। धाम में करीब पांच घंटे तक लगी इस भीड़ के कारण धाम में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सुबह 10 बजे के बाद गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ी।स्थिति यह थी कि मुख्य मंदिर से लेकर हेलीपैड व स्नान घाटों से होते हुए बड़े पत्थर के पीछे बाजार तक श्रद्धालुओं की करीब एक किमी लंबी लाइन लग गई। मार्ग संकरा होने के साथ ही रेलिंग के स्थान पर बंधी रस्सियों से नदी में गिरने का खतरा रहता है। भीड़ के दौरान ही यात्रियों में धक्का मुक्की की नौबत आ रही है।पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गंगोत्री पुलिस चौकी प्रभारी प्रमोद उनियाल ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रस्सियां लगाकर लाइन आदि बनाकर व्यवस्था बनाई गई। अचानक अधिक भीड़ होने के कारण बड़े पत्थर तक लाइन लग गई थीं।केदारनाथ धाम में जाने के लिए मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग में टैक्सी शटल के लिए लंबी लाइन लग रही है। 20 किमी. पैदल यात्रा करने के बाद धाम पहुंचने पर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कई घंटों तक लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है। चारोंधाम में एक दिन में औसतन 70 से 80 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। केदारनाथ धाम में एक दिन में 20 से 25 हजार व बदरीनाथ धाम में 19 से 20 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं।
