उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
मैदानी इलाकों में पड़ रही झुलसाती गर्मी से राहत पाने को मसूरी में वीकएंड पर पर्यटक उमड़ पड़े। पर्यटक स्थलों और बाजारों में शुक्रवार व शनिवार को सुबह से लेकर शाम तक जबरदस्त भीड़ रही।लाइब्रेरी बाजार व कुलड़ी बाजार देर रात तक पर्यटकों से गुलजार रहे। रविवार को कैंपटी फाल के मुख्य झरने के ठंडे पानी में नहाते नजर आए।रविवार सुबह सात बजे से ही किंक्रेग से गांधी चौक तक वाहनों की कतारें लगने लगी थीं। रात 11 बजे तक तो जीरो प्वाइंट कैंपटी रोड से किंक्रेग तक चार किमी लंबा जाम लगा रहा।दूसरी ओर चारधाम यात्रा मार्ग के दिल्ली यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग 507 पर पूरे दिन भर यातायात का भारी दबाव देखने को मिला।दिन ढलने के साथ ही बाजार और माल रोड में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी और लाइब्रेरी तथा कुलड़ी बाजार में रात के भोजन के लिए पर्यटकों को होटलों व ढाबों में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को होटलों में पर्यटकों की आक्यूपेंसी 90 से 95 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि रविवार को इसमें थोड़ी सी गिरावट के साथ 70 से 80 प्रतिशत आक्युपेंसी रही।उन्होंने कहा कि मसूरी के पर्यटन के लिए यह वीकएंड बहुत अच्छा रहा है।
तीर्थनगरी में चढ़ते पारे ने किया लोगों को बेहाल
तीर्थनगरी ऋषिकेश में मई के आखिरी में सूरज की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।दिन में बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए शीतल पेय का सहारा लिया जा रहा है।अप्रैल के आखिरी सप्ताह में मौसम बेहद गर्म हो गया था। जिला प्रशासन ने हीट वेव की स्थिति को लेकर एक दिन के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया था। मई के पहले पखवाड़े में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा।वर्षा के साथ बादल छाने और हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। 16 मई के बाद फिर से मौसम बदल गया। लगातार तेज धूप निकलने के कारण लोग गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। शुक्रवार सुबह चार बजे के आसपास करीब 10 मिनट के लिए वर्षा हुई थी।लेकिन, इससे लोगों को बहुत अधिक राहत नहीं मिल पाई। शनिवार को भी पूरे दिन तेज धूप निकली रही। पारा 40 डिग्री को पार कर गया।कई स्कूलों में अभी ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित नहीं हुए हैं, लेकिन स्कूलों ने अवकाश का समय करीब घंटा पहले कर दिया है।दिन में तापमान अधिक होने से छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामान करना पड़ा। वहीं, गर्मी से बचने के लिए लोग गंगा तटों पर पहुंच रहे हैं। गंगा में डुबकी लगाकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश की जा रही है। शाम को गंगा तटों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।
