उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तर और पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में जारी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और लू के थपेड़ों से बचने के लिए पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय स्थलों की ओर दौड़ लगा दी है. इसके चलते पहाड़ों की रानी शिमला में पिछले 72 घंटों के भीतर रिकॉर्ड 70,000 वाहन पहुंचे हैं.मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से बचने के लिए पर्यटक हिमाचल प्रदेश के प्रमुख हिल स्टेशनों की ओर उमड़ रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि खासतौर पर शिमला में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 दिनों में शिमला पहुंचने वाले वाहनों की संख्या 6,31,000 तक पहुंच गई है, जिनमें से 70,000 वाहन पिछले 72 घंटों में पहुंचे हैं.अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल में पीक टूरिस्ट सीजन जून के पहले हफ्ते से शुरू होता है, लेकिन इस बार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत उत्तर और पश्चिम भारत में चल रही भीषण लू के कारण लोगों ने पहले ही पहाड़ों ओर अपना रुख कर लिया है. जिससे ‘हिल्स की क्वीन’ शिमला इस भीड़ से पूरी तरह भर चुकी है. शहर में लगातार ट्रैफिक जाम लग रहे हैं. इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पर्यटकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है.
