उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
राष्ट्रीय अध्यक्ष के.डी. चंदोला ने सौंपी जिम्मेदारी, छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों के हितों की आवाज़ को मजबूती देने का संकल्प
देहरादून। देशभर के छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली वर्ष 1986 से सक्रिय प्रतिष्ठित संस्था एसोसिएशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूज़पेपर्स ऑफ इंडिया (ASMNI) ने वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘सुनिए सरकार’ समाचार पत्र के प्रधान संपादक अजय नौटियाल को उत्तराखंड राज्य अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।यह जिम्मेदारी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग पांच दशकों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार केशव दत्त (के.डी.) चंदोला ने अजय नौटियाल को प्रदान की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड में छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों तथा पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को संगठित रूप से आगे बढ़ाने में यह नियुक्ति महत्वपूर्ण साबित होगी।अजय नौटियाल पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने बरेली कॉलेज, बरेली से वाणिज्य स्नातक (बी.कॉम.) की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली से कंप्यूटर एप्लीकेशन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया। आगे उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा जनसंचार में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की। इसके अतिरिक्त उन्होंने मानवाधिकार विषय में स्नातकोत्तर उपाधि भी प्राप्त की है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समाचार संस्था रॉयटर्स से डिजिटल पत्रकारिता में प्रमाणन पाठ्यक्रम भी किया है।अपने व्यावसायिक पत्रकारिता जीवन की शुरुआत उन्होंने उत्तर प्रदेश में दैनिक आज, अमर उजाला और दैनिक जागरण से की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में हिंदुस्तान समाचार पत्र में अपनी सेवाएं दीं। बाद में उन्होंने कुछ समय कॉर्पोरेट क्षेत्र में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। इसके उपरांत उन्होंने उत्तराखंड में दैनिक भास्कर के साथ कार्य किया। वह सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार में मीडिया सलाहकार की भूमिका भी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह ‘सुनिए सरकार’ समाचार पत्र के पब्लिशर व प्रधान संपादक के रूप में कार्यरत हैं।नियुक्ति के बाद अजय नौटियाल ने कहा कि छोटे एवं मध्यम समाचार पत्र लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की जमीनी ताकत हैं। इन्हीं समाचार पत्रों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याएं, स्थानीय सरोकार और जनहित के मुद्दे प्रभावी ढंग से समाज और सरकार तक पहुंचते हैं।उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता उत्तराखंड के छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों, पत्रकारों तथा प्रिंट मीडिया से जुड़े साथियों की समस्याओं, अधिकारों और हितों की आवाज़ को मजबूती से उठाने की रहेगी।अजय नौटियाल ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के.डी. चंदोला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन को उत्तराखंड में और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी साथियों को साथ लेकर कार्य करेंगे।
फोटो परिचय : वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘सुनिए सरकार’ समाचार पत्र के प्रधान संपादक अजय नौटियाल को उत्तराखंड राज्य अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपते एसोसिएशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूज़पेपर्स ऑफ इंडिया (ASMNI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव दत्त (के.डी.) चंदोला।
