उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
यूपी में मानसूनी बारिश आफत बन गई है। पश्चिमी यूपी में सड़कों पर सैलाब दिखाई दे रहा है। बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से सीधा संपर्क टूट गया है। इस बीच, मौसम विभाग ने दस जिलों में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।यूपी में बारिश ने कहर ढा दिया है। खासकर पश्चिमी यूपी में तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर सैलाब दिख रहा है। सघन हुई मानसूनी ट्रफ लाइन के कारण मंगलवार से शुरू हुआ भारी बारिश का दौर गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। लगातार हो रही बारिश से वेस्ट यूपी की रफ्तार थम गई। बीते 24 घंटे में नजीबाबाद में रिकॉर्ड 310 मिमी मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। बुधवार शाम से गुरुवार रात तक मेरठ सहित वेस्ट यूपी में बारिश बिना रुके जारी रही। इसे देखते हुए पांच जिलों मेरठ-बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर और हापुड़ में शुक्रवार को स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी 10 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।लखनऊ के अमौसी स्थित यूपी-उत्तराखंड के मौसम मुख्यालय के अनुसार मध्य प्रदेश के ऊपर जो बादलों और कम दबाव का एक बड़ा सिस्टम बना हुआ था, उसे उत्तर भारत की तरफ से आ रही ठंडी हवाओं ने अपनी ओर खींच लिया। इस वजह से वह सिस्टम मुड़कर दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश (झांसी, आगरा, अलीगढ़ के आस-पास का इलाका) के ऊपर आकर जम गया है। अब अगले 24 घंटों में यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर होते हुए यूपी के बाकी हिस्सों (उत्तर-पूर्वी दिशा) की तरफ बढ़ेगा। इसके कारण मानसून की जो मुख्य रेखा (ट्रफ लाइन) है, वह भी ऊपर की तरफ खिसक गई है।बिजनौर का सीधा संपर्क मेरठ-मुजफ्फरनगर से टूटा
बिजनौर-मेरठ मार्ग पर देवल गांव के पास सड़क पर पानी भर जाने से बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से सीधा सड़क संपर्क प्रभावित हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने मेरठ की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है। नागलसोती क्षेत्र में पूंडरीकलां का अस्थाई पुल ध्वस्त हो गया। चंदक में बालावाली चौकी के गांव गोपालपुर सड़क तक तालाब का पानी आने से डूबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई।
बरसाती नदियां उफान पर
मेरठ के सरूरपुर में बारिश में खेत के मोटर में करंट आने से किसान की मौत हो गई बचाने में उसका बेटा भी झुलस गया। वहीं, रोहटा ब्लॉक के रसूलपुर मढ़ी गांव स्थित किसान इंटर कॉलेज में बरामदे की छत का लेंटर अचानक गिर गया। पूठखास में कमरे की छत गिरने से महिला और दो पशु घायल हो गए। सहारनपुर में गुरुवार को 126 मिमी बारिश दर्ज की गई। शिवालिक क्षेत्र की बरसाती नदियां उफान पर हैं। जैतपुर कला के पास सहस्रा नदी में बाइक सहित एक महिला व दो बच्चे बहाव में फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों ने जैसे तैसे बचा लिया।दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर रेलिंस धंसी
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर पाली गांव के पास मिट्टी कटान हुआ, जिससे हाईवे की रेलिंग धंस गई। बागपत शहर समेत 150 गांवों की बिजली गुल रही। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर सिसाना गांव के पास जलभराव में 60 से अधिक वाहन फंसकर खराब हो गए। शामली में तीन दिनों में 183 एमएम बारिश दर्ज की गई। थानाभवन में आरा मशीन गोदाम की छत गिर गई। मलबे में दबने से एक व्यक्ति घायल हो गया। कैराना में आलकला मोहल्ले मकान की कच्ची छत गिर गई। यमुना का जल स्तर 228.26 मीटर पहुंच गया है।
