उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
प्रदेश में अनुच्छेद 371 लाने का उत्तराखंड क्रांति दल ने दावा किया,
उत्तराखंड क्रांति दल के नीति निर्धारण समिति के अध्यक्ष डॉ नारायण सिंह जंतवाल ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखण्ड क्रांति दल ने अपने नीति दस्तावेज़ “संकल्प नए उत्तराखण्ड का” का प्रथम भाग जारी कर दिया है। जंतवाल ने अपनी नीति एजेंडे की पांच प्रमुख प्राथमिकताएं घोषित करते हुए कहा कि यदि जनता का समर्थन मिला तो अनुच्छेद 371 के तहत उत्तराखण्ड को विशेष संवैधानिक सुरक्षा, मूल निवास व्यवस्था को कानूनी मान्यता, राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सशक्त एवं आधुनिक भू-कानून, विवश पलायन का स्थायी समाधान तथा आरक्षण के भीतर आरक्षण लागू कर वास्तविक वंचित वर्गों तक न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।नीति निर्धारण समिति के संयोजक डॉ. सुरेश सिंह नेगी ने नीति दस्तावेज़ के पांचों प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र विकास, युवाओं के भविष्य और राज्य की,अस्मिता की रक्षा के लिए इन मुद्दों पर ठोस नीति निर्माण अनिवार्य है।दल ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित मूल निवास व्यवस्था किसी के अधिकारों का हनन करने के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के मूल निवासियों को शिक्षा, रोजगार, भूमि अधिकार, सरकारी योजनाओं, उद्यमिता तथा सरकारी निविदाओं में न्यायसंगत अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू की जाएगी।पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने कहा कि “संकल्प -नए उत्तराखण्ड का” केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के भविष्य, स्वाभिमान और स्थायी विकास का नीति दस्तावेज़ है, जिसे व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
