उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
समेश्वर महाराज की परिक्रमा करती भेड़ों ने खींचा सबका ध्यान
पौराणिक परंपरा और लोक आस्था के रंग में रंगा पंचगांई रैथल
पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने किए समेश्वर महाराज व माँ बगमुंडी के दर्शन
उत्तरकाशी। टकनौर क्षेत्र के पंचगांई रैथल गांव में आयोजित पारंपरिक भेड़ मेले में रविवार को आस्था, लोक संस्कृति और सदियों पुरानी बुग्याली परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। सुदूर बुग्याली क्षेत्रों से लाई गई भेड़ों की टोलियां जब विधिवत रूप से भगवान समेश्वर महाराज एवं माँ बगमुंडी की परिक्रमा के लिए पहुंचीं तो पूरा मेला परिसर श्रद्धा और उत्साह से भर उठा। पारंपरिक भेड़ मेले का यह दृश्य श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण भी मेले में शामिल हुए और भगवान समेश्वर महाराज एवं माँ बगमुंडी के दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।भेड़ों की टोलियों का मंदिर की परिक्रमा करना इस मेले की सबसे खास परंपराओं में शामिल है। बुग्याली क्षेत्रों से भेड़ों को लेकर ग्रामीणों का पहुंचना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि टकनौर की पारंपरिक पशुपालक जीवनशैली और लोक संस्कृति से गहराई से जुड़ी विरासत है। पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जा रही है।पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने कहा कि रैथल टकनौर की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां होने वाले पारंपरिक आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं।उन्होंने कहा कि भेड़ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बुग्याली संस्कृति, ग्रामीण जीवनशैली और सदियों पुरानी लोक परंपराओं का जीवंत प्रतिबिंब है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय संस्कृति को संरक्षण मिलता है और युवा पीढ़ी अपनी विरासत को करीब से समझ पाती है।सजवाण ने पंचगांई रैथल, नटिन, क्यार्क, बन्द्राणी एवं भटवाड़ी के ग्रामीणों को इस परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि भगवान समेश्वर महाराज एवं माँ बगमुंडी का आशीर्वाद समस्त टकनौर क्षेत्र पर बना रहे।मेले में भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, वरिष्ठ भाजपा नेता खुशहाल नेगी, जयवीर चौहान, कलम सिंह राणा, पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, ज्येष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश कुमार, पंचमालगुजार किशन सिंह राणा, राजेंद्र थनवान, मनोज राणा, विपिन राणा, मनवीर रावत, ग्राम प्रधान बुद्धि लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
