उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
सेवा संकल्प अभियान के तहत चिन्यालीसौड़ में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित
विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को वितरित किए सहयता राशि के चेक
उत्तरकाशी। सेवा संकल्प अभियान के तहत राईका चिन्यालीसौड़ में आयोजित बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुआ। शिविर में जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार की भावना के साथ सरकार सीधे जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दे रही है। शिविर में पात्र कई लोगों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले अभियान में 1099 शिकायतों का निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, लखपति दीदी के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विभिन्न विभागों के माध्यम से जनहित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। राज्य में शीतकालीन पर्यटन, कैलाश यात्रा और वेडिंग डेस्टिनेशन को बढ़ावा देकर रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को आवेदन प्रक्रिया एवं जरूरी दस्तावेजों के बारे में बताया। स्वास्थ्य, होम्योपैथिक,आयुर्वेदिक विभाग ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाइयां वितरित की। इस दौरान मधुमेह, ब्लड प्रेशर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गईं। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने वृक्षारोपण करने के साथ ही मत्स्य विभाग के एक विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन ‘ प्राकृतिक जलाशयों,नदियों में मत्स्य बीज संचयन और मत्स्य पालकों को मत्स्य बीज वितरण के बारे में आमजन को जानकारी देगा।शिविर में स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सूचना विभाग के सांस्कृतिक दल ‘जी भाई जी और रामकौशल सांस्कृतिक दल ने सांस्कृतिक गीतों के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। शिविर में डेरी विकास विभाग के दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन कार्यक्रम में श्रीमती मंजू देवी को. 10 हजार, विनीता देवी को.7 हजार, अशरफी देवी को . 5 हजार राशि के चेक दिए गए। उद्यान विभाग ने सियाराम को रू. 2.32 लाख, देवेंद्र सिंह को 2.40 लाख, सुरेंद्र सिंह को 2.40 लाख सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप पंवार, राम सुंदर नौटियाल, श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, गिरीश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत, राजदीप परमार, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, जिला महामंत्री महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, प्रकाश चंद रमोला, मनीष कुकरेती, चंडी प्रसाद भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
