उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
*दुर्घटना संभावित मोहब्बेवाला क्षेत्र के लिए नई गति सीमा होगी तय; पहले दिन में 350 से अधिक मध्यम तथा भारी माल वाहनों की जाँच*
देहरादून, 28 सितंबर 2026। डाटकाली से आशारोड़ी, मोहब्बेवाला और चंद्रबनी चौक होते हुए आईएसबीटी तक के मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए *जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार* परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग और चालक जागरूकता अभियान शुरू किया है। 28 सितंबर से 12 अक्टूबर तक मार्ग पर तीन पारियों में चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।तीन पारियों में परिवहन विभाग ,पुलिस तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी*अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन, देहरादून रत्नाकर सिंह ,एआरटीओ प्रवर्तन, विकासनगर अनिल नेगी तथा अनुराधा पंत, प्रज्ञा पंत और एम.डी. पापनेई परिवहन कर अधिकारी देहरादून की टीमें ड्यूटी लगाई गई है। चेकिंग की पारियाँ सुबह 6 से दोपहर 2 बजे, दोपहर 2 से रात 10 बजे तथा रात 10 से सुबह 6 बजे तक हैं। जनपद प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड और पुलिस के टीमें भी अभियान में शामिल हैं।*पहले दिन में 350 से अधिक माध्यम तथा भारी माल वाहनों की जाँच*अभियान के पहले दिन प्रथम पारी में टीम ने 350 से अधिक वाहनों को रोककर उनका निरीक्षण, परीक्षण और दस्तावेज़ों की जाँच की। इसके बाद, विशेषकर भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों के चालकों से इस मार्ग पर वाहन चलाने के अनुभवों के बारे में बातचीत की गई। ढलान पर वाहन नियंत्रण, ब्रेक के इस्तेमाल, गियर चयन, पूर्व विश्राम तथा रास्ते में आने वाली कठिनाइयों के संबंध में उनके अनुभव दर्ज किए गए। चालकों को सड़क सुरक्षा संबंधी पैम्फ्लेट वितरित किए गए।
*मोहब्बेवाला क्षेत्र के लिए नई गति सीमा होगी तय*
डाटकाली से मोहब्बेवाला तक लगभग साढ़े सात किलोमीटर का मार्ग दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील है। सड़क परिवहन एव राजमार्ग मंत्रालय,भारत सरकार की अधिसूचना के 2018 द्वारा इस मार्ग पर हल्के मोटर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 70 किलोमीटर प्रति घंटा, मध्यम एवं भारी मोटर वाहनों तथा मालवाहक वाहनों के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटा, तिपहिया वाहनों के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटा और दोपहिया वाहनों के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटा अधिकतम गति सीमा निर्धारित की गई है।दुर्घटनाओं और मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए आशारोड़ी से मोहब्बेवाला मार्ग तक के लिए प्रस्ताव में भारी वाहनों की गति सीमा 30 किलोमीटर प्रति घंटा, हल्के वाहनों की 40 किलोमीटर प्रति घंटा, दोपहिया वाहनों की 40 किलोमीटर प्रति घंटा तथा तिपहिया वाहनों की 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा निर्धारित किए जाने ला निर्णय लिया गया है।संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), देहरादून डॉ. अनीता चमोला के द्वारा बताया गया कि आगामी जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से इसे परिवहन आयुक्त कार्यालय, उत्तराखंड भेजा जाएगा। सक्षम स्तर से स्वीकृति और आदेश जारी होने के बाद ही यह गति सीमा लागू होगी। इसके पश्चात मोहब्बेवाला के दुर्घटना संवेदनशील मार्ग में ANPR कैमरों के माध्यम से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के चालान किए जाएंगे।ओवरस्पीडिंग करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे।
