
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
नई टिहरी, 18 अक्टूबर भारतेंदु संवाददाता l 50वें मां श्री कुंजापुरी पर्यटन विकास मेला 2026 के अंतर्गत मेला खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण की देखरेख में आयोजित की गईं खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को चेक तथा नकद धनराशि देकर सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने खेल मैदान पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मेला खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण ने बताया कि कबड्डी और मैराथन स्पर्धाओं में इस बार बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कबड्डी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल में राजन क्लब लक्सर की टीम ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए विजेता का खिताब जीता और 21,000/- रुपये की नकद इनाम राशि हासिल की, जबकि बेल्डा रुड़की की टीम कड़ी टक्कर के बाद उपविजेता रही जिसे 15,000/- रुपये का पुरस्कार मिला। बालिका वर्ग के फाइनल में उत्तराखंड कबड्डी अकादमी विकासनगर ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया और 21,000/- रुपये का इनाम जीता, जबकि शानदार खेल दिखाने वाली पिथौरागढ़ की टीम उपविजेता रही जिसे 15,000/- रुपये की नकद राशि सौंपी गई। दूसरी ओर, महिला मैराथन दौड़ में निरंजनपुर, देहरादून की रहने वाली तनुश्री चौहान ने प्रथम स्थान हासिल कर 11,000/- रुपये की नकद पुरस्कार राशि का चेक जीता, ऋषिकेश गुमानीवाला की भागीरथी ने दूसरा स्थान प्राप्त कर 8,000/- रुपये और पौड़ी गढ़वाल की अंन्नु कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 5,000/- रुपये का इनाम अपने नाम किया। इसके साथ ही महिला वर्ग में चौथे स्थान पर रही सिमरन को 4,000/- रुपये, पांचवें स्थान पर रही अंकिता को 3,000/- रुपये तथा छठे से लेकर दसवें स्थान तक रहीं धाविकाओं (तेजस्वनी, अम्बिका, नव्या यादव, खुशी और आकांशा) को 1,000-1,000/- रुपये की सांत्वना राशि दी गई।पुरुष वर्ग की मैराथन स्पर्धा में मुकेश ने पहला स्थान हासिल कर 21,000/- रुपये का नकद पुरस्कार अपने नाम किया, जबकि रोहित राजगुरु दूसरे स्थान पर रहकर 15,000/- रुपये और सतीश सतीश रौथाण तीसरे स्थान पर रहकर 10,000/- रुपये का इनाम जीतने में सफल रहे। पुरुष वर्ग में ही चौथे स्थान पर रहे अमृत को 7,000/- रुपये, पांचवें स्थान पर रहे पंकज सिंह को 5,000/- रुपये तथा छठे से लेकर दसवें स्थान तक रहे धावकों (प्रांजल रावत, योगेश, पवनदीप, अर्जुन सिंह और उमेश पुंडीर) में से प्रत्येक को 1,000-1,000/- रुपये का नकद पुरस्कार मिला। इस दौड़ प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण 11 वर्षीय बालक कुलदीप भारद्वाज रहे, जिन्होंने सबसे कम उम्र के धावक के रूप में सफलतापूर्वक दौड़ पूरी कर सबको हैरत में डाल दिया। समापन के अवसर पर कैबिनेट मंत्री, खेल अध्यक्ष और मेला समिति के पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों की पीठ थपथपाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, कोच, रेफरी और स्थानीय जनता मौजूद रही।

