
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देहरादून, 19 अक्टूबर। झाझरा स्थित जलवायु टावर्स में दुर्गा पूजा समिति एवं कल्चरल एसोसिएशन द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा में सोमवार को महाअष्टमी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मनाई गई।
प्रातः महाअष्टमी पूजा के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा को अष्टमी की पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद दुर्गा पूजा की सबसे महत्वपूर्ण विधि मानी जाने वाली संधि पूजा संपन्न हुई। अष्टमी और नवमी तिथि के संधिकाल में होने वाली इस पूजा में 108 दीप प्रज्वलित कर और 108 कमल पुष्प अर्पित कर माँ चामुंडा की आराधना की गई। ढाक की थाप और शंखध्वनि के बीच पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा।दोपहर में माँ को भोग अर्पित किया गया। समिति की ओर से आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माँ का प्रसाद ग्रहण किया।संध्या आरती के बाद ढाक की थाप पर पारंपरिक धुनुची नृत्य हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने हाथों में जलती धुनुची लेकर माँ के सामने भक्तिभाव से नृत्य किया।समिति ने बताया कि मंगलवार को महानवमी पूजा, पुष्पांजलि, भोग और भंडारे का आयोजन होगा। शाम को डांडिया एवं गरबा नाइट होगी। बुधवार को विजयादशमी पर दर्पण विसर्जन, सिंदूर खेला, शोभा यात्रा तथा शांति जल एवं विजया सम्मेलन के साथ उत्सव का समापन होगा।इस अवसर पर समिति के तरित मित्रा, मृगेन्द्र चौधरी, सुधीर जैन, अरूप चक्रवर्ती, तनुप्रिया चौधरी, देबज्योति, विनय कांडपाल, देबाशीष, संदीप, अभिजीत, दीपक रंजन, चंदना मित्रा, कल्याणी, ऋतुपर्णा, मीनाक्षी, जॉली सेन, डोलन एवं गार्गी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


