
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
पौड़ी। कांग्रेस ने उत्तराखंड न्याय यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रवक्ता और गढ़वाल जनपद कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी धीरेंद्र प्रताप ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि महंगाई, बेरोजगारी, परीक्षाओं में घोटाले, महिला अत्याचार, जंगली जानवरों द्वारा निर्दोष नागरिकों की हत्याओं और खेती बाड़ी का नाश कर दिए जाने जैसे सवालों को लेकर आयोजित होने वाली न्याय यात्रा में अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी को राज्यपाल बनाएं जाने का भी कांग्रेस पार्टी व्यापक विरोध करेगी और उन्हें हटाए जाने की मांग करेगी। बताया कि इसमें वोट चोरी और चंदा चोरी के सवालों को भी कांग्रेस पार्टी फोकस में लेगी। धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में होने वाली उत्तराखंड न्याय यात्रा 24 और 25 अक्टूबर को चौबटाखाल, यमकेश्वर, कोटद्वार और लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेगी। धीरेंद्र प्रताप ने बताया इस यात्रा में कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला भी शामिल होंगे। धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि 22 अक्टूबर को बद्रीनाथ से शुरू होने वाली यह यात्रा चौबटाखाल के सतपुली, यमकेश्वर विधानसभा के दुगड्डा और कोटद्वार विधानसभा के कोटद्वार में पहुंचेगी। बताया कि 25 अक्टूबर को यात्रा लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र में लैंसडौंन क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित करेंगी। इसी दिन चौबटाखाल के बीरोखाल विकासखंड मुख्यालय में यह रैली पहुंचेगी।

