
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
पुलिस लाइन ज्ञानसू स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन।
उत्तरकाशी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन ज्ञानसू में स्थित शहीद स्मारक पर उत्तरकाशी पुलिस परिवार ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा सहित पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने ने भी शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को याद किया। इस मौके पर शहीद जवानों को सलामी दी गई तथा दो मिनट का मौन रख कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर जवानों के त्याग, समर्पण और अदम्य साहस का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आमजन की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा और राष्ट्र की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया। इस मौके पर एसपी ने शहीद पुलिस कर्मिक स्व गिरवीर रमोला के परिजनों को सम्मानित किया गया तथा उनसे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड पुलिस परिवार हर सुख-दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। पुलिस विभाग से संबंधित किसी भी समस्या व आवश्यकता के संबंध में वे निःसंकोच अपनी बात साझा कर सकते हैं। पुलिस विभाग सदैव उनके सहयोग और सहायता के लिए तत्पर है।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर जिले उत्तरकाशी के समस्त कोतवाली, थानों एवं पुलिस चौकियों में भी संबंधित प्रभारियों की उपस्थिति में शहीद पुलिस जवानों को याद करते हुए पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

