
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
पौड़ी। श्रीनगर स्थित एसएसबी की केदार फायरिंग रेंज में गुरुवार को उत्तराखंड पुलिस की 22वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी राइफल, रिवॉल्वर एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 12 टीमों के 120 से अधिक प्रतिभागी निशानेबाजी में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।प्रतियोगिता में जनपद पुलिस की सात, पीएसी व वाहिनियों की तीन तथा आईआरबी की दो टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। मुकाबलों में राइफल से 100, 200 और 300 मीटर, जबकि पिस्टल से 15, 25, 30 और 50 मीटर की स्पर्धाएं आयोजित होंगी।उद्घाटन अवसर पर एसएसपी ने विभिन्न जनपदों और वाहिनियों से पहुंचे टीम मैनेजरों से परिचय प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने सलामी देने के साथ खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की शपथ ली।एसएसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र संचालन में दक्षता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से पुलिसकर्मियों के कौशल को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतिभागियों से बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता का समापन 24 अक्टूबर को होगा।

