
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
आईटीआई के पास गहरी खाई में मिला शव, क्षतिग्रस्त पुश्ते और सुरक्षा इंतजामों की कमी पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
चमोली। कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग पर आईटीआई के समीप सड़क से नीचे गहरी खाई में एक पुलिसकर्मी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बणसोली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह नेगी (45) के रूप में हुई है। वह पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे और 23 अक्टूबर से लापता चल रहे थे।स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद गहरी खाई में उतरकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा भी मौके पर पहुंचे।सीओ त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि वीरेंद्र सिंह नेगी गोविंदघाट थाने में तैनात थे। विधानसभा सत्र के लिए उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गए थे। पुलिस और परिजन उनकी तलाश में जुटे हुए थे।कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मार्ग पर आईटीआई के पास खाई में उनका शव बरामद हुआ।
क्षतिग्रस्त पुश्ते और सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल
घटनास्थल को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क का पुश्ता क्षतिग्रस्त है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। लोगों ने मार्ग के अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी दुर्घटना का खतरा बताते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

