
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा जा रहा था हेलीकॉप्टर, संपर्क टूटने के बाद पुलिस, सेना और एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
चमोली। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर शुक्रवार को ज्योतिर्मठ घाटी के ऊपर लापता हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।पुलिस अधीक्षक चमोली ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार 30 अक्टूबर को हेलीकॉप्टर (कॉल साइन VT-HCX) ने दोपहर करीब 13:12 बजे बदरीनाथ से सहस्त्रधारा, देहरादून के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के लगभग दो मिनट बाद 13:14 बजे ज्योतिर्मठ घाटी के ऊपर हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना आर्मी पोस्ट के माध्यम से प्राप्त हुई।एसपी के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ से पुलिस, एसडीआरएफ तथा सेना की संयुक्त टीमें सर्च अभियान के लिए रवाना कीं। इसके अलावा जिला मुख्यालय गोपेश्वर से ड्रोन टीमों को भी खोजबीन के लिए भेजा गया है। सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ लगातार हेलीकॉप्टर की तलाश में जुटी हैं।हेलीकॉप्टर में सवार थे छह लोगएसपी के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। इनमें पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48), निवासी दिल्ली शामिल हैं। जबकि यात्रियों में प्रतापा (41), अरुण सालुंके (44), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51), सभी निवासी कर्नाटक बताए गए हैं।फिलहाल हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और ड्रोन टीमों का सर्च ऑपरेशन जारी है।

