
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
चंपावत : उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ चंपावत जिले में उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित जिला सभागार में आयोजित समारोह में राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और विकास योजनाओं की प्रदर्शनी के बीच राज्य की अब तक की विकास यात्रा पर भी प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक पेश की।समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। पुस्तिका में सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और जनपद में संचालित विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया है। वहीं, राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिला अध्यक्ष बसंत सिंह तड़ागी, शंकर पांडे सहित वरिष्ठ आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।राज्य आंदोलनकारी श्याम नारायण पांडे, नवीन मुरारी सहित अन्य वक्ताओं ने राज्य निर्माण के संघर्षपूर्ण दौर को याद करते हुए कहा कि उत्तराखंड का गठन लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के त्याग का परिणाम है। नई पीढ़ी को राज्य निर्माण के इतिहास से परिचित कराने और प्रदेश की अस्मिता, संसाधनों तथा विकास के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने आंदोलनकारियों के योगदान को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कृषि क्षेत्र में नवाचार और बेहतर उत्पादन के लिए पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मान मिला। पशुपालन विभाग की ओर से मुकेश सिंह बोहरा को गौपालन के लिए 36 हजार रुपये तथा जीवनी देवी और रश्मि पांडे को बकरी पालन योजना के तहत 35-35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।जनसेवा में जुटे फ्रंटलाइन कर्मियों के योगदान को भी सराहा गया। यूपीसीएल के दो लाइनमैन, 10 पर्यावरण मित्र, तीन पंप ऑपरेटर और पांच गैंगमैन सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित चंपावत की साहसी बालिका माया कांडपाल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित विद्यालयों की छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए।इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, भेषज, रेशम, चिकित्सा, बाल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्योग, आयुर्वेद और होम्योपैथी विभागों ने अपने स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं और सेवाओं का ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।कार्यक्रम का संचालन जीवन चंद्र कलौनी ने किया। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, रोहित बिष्ट, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

