
उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
चमोली जिले के थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन कर रहे युवाओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सात सूत्रीय मांगों में अल्ट्रासाउंड मशीन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, स्टाफ नर्सों की नियुक्ति और एक्स-रे टेक्नीशियन सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।आंदोलनकारियों का कहना है कि तीन विकासखंडों की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आज बेहतर उपचार की सुविधाओं के अभाव में महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। वहीं, आंदोलन के चौथे दिन विभिन्न गांवों की महिलाओं और ग्रामीणों ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। दूसरी ओर आंदोलनकारियों ने विपक्षी कांग्रेस पर आंदोलन से दूरी बनाए रखने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं कि क्या कांग्रेस नहीं चाहती कि थराली के अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों?
आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी सात सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उनका आरोप है कि क्षेत्र की इतनी बड़ी स्वास्थ्य समस्या के बावजूद कांग्रेस के पूर्व विधायक जीतराम सहित प्रमुख विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं में से कोई भी धरना स्थल पर समर्थन देने नहीं पहुंचा। आंदोलनकारियों ने सवाल उठाया कि जब मामला जनता के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा है, तो विपक्षी दलों की चुप्पी समझ से परे है। भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा और थराली युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को भी क्षेत्र की जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आगे आना चाहिए। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि थराली क्षेत्र की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं दिलाने की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को समर्थन देने के बजाय इसे बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।वहीं, आंदोलन के चौथे दिन विभिन्न गांवों की महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन जताया। समर्थन देने वालों में गंगा देवी, देवकी देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी, संजय राणा, आनंद सिंह, उमेश देवराड़ी, भरत सिंह, योगेश देवराड़ी, अंकुर देवराड़ी, दीपक जोशी, प्रेम बल्लभ और नरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग शामिल रहे। आंदोलनकारियों का कहना है कि लगातार मिल रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि थराली में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग अब केवल युवाओं तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की सामूहिक आवाज बनती जा रही है। फिलहाल थराली में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आंदोलन लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है। एक तरफ आंदोलनकारी अपनी सात सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर डटे हैं, तो दूसरी तरफ विपक्षी दलों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस आंदोलन पर कब तक संज्ञान लेता है और थराली की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

