
उत्तराखंड डेली न्यूज़:ब्योरो
आगामी गौचर मेले एवं प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर आज कस्बा गौचर क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा कस्बा गौचर क्षेत्र में रह रहे बाहरी राज्यों के किरायेदारों का सघन सत्यापन किया गया। इस दौरान किराये पर रह रहे व्यक्तियों के पहचान पत्रों एवं पते से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक जानकारी संकलित की गई।इसके साथ ही पुलिस टीमों द्वारा मकान मालिकों को किरायेदारों का समय से पुलिस सत्यापन कराने के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखने तथा क्षेत्र की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है। साथ ही उन्हें किरायेदारों के पुलिस सत्यापन से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर नियमानुसार की जाने वाली कानूनी कार्रवाई के संबंध में भी अवगत कराया गया। सभी मकान मालिकों को अपने यहां रह रहे किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की सख्त हिदायत भी दी गयी। गौचर मेले में बड़ी संख्या में व्यापारियों एवं आमजन की आवाजाही तथा वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में क्षेत्र में निरंतर चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जा रही है।

