
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देहरादून, गुरुवार को दून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ का आगमन हो गया। इस मौके पर तेजस बाड़े का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा तथा यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि दून का चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक आते हैं तथा सात करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में इस प्रकार का सफेद बाघ पहली बार लाया गया है। इससे पूर्व भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनके कारण पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। इस मौके पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

