
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
उत्तरकाशी। विकास खंड भटवाड़ी के अंतर्गत मल्ला गांव में भालू के हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। भालू ने सोमवार सुबह एक व्यक्ति पर जान लेवा हमला किया है,जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल का जिला अस्पताल उत्तरकाशी में इलाज चल रहा है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
भटवाड़ी के मल्ला गांव में लंबे समय से भालू का आंतक बना हुआ है। यहां पहले भी भालू कई लोगों पर जानलेवा हमला कर चुका है,जिससे ग्रामीण दहशत में है। गांव में भालू के हमले की फिर से घटना हुई है। जानकारी के अनुसार मल्ला निवासी जगवीर सिंह रावत पुत्र तेज सिंह रावत उम्र 55 वर्ष सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे अपनी छान में जा रहे थे। इस दौरान झाड़ियों में छुपकर घात लगाए बैठे भालू ने उस पर हमला कर दिया। जगवीर के चिलाने की आवाज सुनकर गांव के ग्रामीण घटना की तरफ दौड़ पड़े और उन्होंने शोर मचाकर भालू को दूर भगाया। भालू जगवीर के सिर के साथ ही हाथों से काफी मांस नोचकर ले गया। उसकी हालत गम्भीर होने पर ग्रामीण उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी ले आए। हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल उत्तरकाशी रेफर कर दिया। जहां इलाज जारी होने पर भी उसकी स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। मल्ला गांव तथा आसपास के क्षेत्र में भालू पहले भी आबादी के नजदीक और घरों में निरंतर दस्तक देता आ रहा है,पहले भी भालू कई लोगों पर हमला कर चुका है,बाबजूद वन विभाग भालू को पकड़ने के लिए कोई उचित कार्यवाही नहीं कर रहा है,जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल होने से वे अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे है।

