उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
प्रवेश प्रक्रिया उच्च शिक्षा को पटरी से उतारने वाली साबित हुई : डा. सुनील अग्रवाल
देहरादून, निजी कॉलेज एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष डा. सुनील अग्रवाल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर उच्च शिक्षा में प्रवेश हेतु सीयूईटी और समर्थ पोर्टल की व्यवस्थाएं तुरंत समाप्त करने की अपील की।डा. अग्रवाल ने कहा कि सीयूईटी एवं समर्थ पोर्टल से प्रवेश प्रक्रिया छात्रों को परेशान करने वाली साबित हुई है और इसका विपरीत असर छात्रों के भविष्य पर पडने जा रहा है। उनका कहना था कि सितंबर का महीना हो चुका है लेकिन अभी तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है जिसके कारण सत्र अनियमित हो चुका है।डा. सुनील अग्रवाल ने कहा कि सीयूईटी हेतु प्रवेश परीक्षा परिणाम जुलाई माह में घोषित होकर अगस्त माह में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हुई और अशासकीय कॉलेजों में जहां नाम मात्र की फीस होती है वहां भी 50% तक सीटें खाली रहने के कारण नॉन सीयूईटी छात्रों के मेरिट के आधार पर प्रवेश की विज्ञप्ति जारी की गई और अब नॉन सीयूईटी छात्रों के प्रवेश हेतु 15 सितंबर तक प्रवेश हेतु विज्ञप्ति जारी हुई है।यह स्थिति उस डीएवी कॉलेज की भी है जहां कभी 30,000 से अधिक प्रवेश होते थे और छात्र प्रवेश हेतु लाइन में लगे रहते थे। अब 12,400 सीट होने के बावजूद उन्हें भरना भी मुश्किल हो चुका है। जब नाम मात्र की फीस वाले अशासकीय कॉलेजों की यह हालत है तो निजी कॉलेजों की स्थिति स्वयं समझी जा सकती है। जो सत्र कभी अगस्त अगस्त माह में विधिवत प्रारंभ हो जाता था, अब इन अव्यवहारिक प्रावधानों के कारण सितंबर आधा होने पर भी प्रारंभ नहीं हो पाया है।इसी तरह से श्रीदेव सुमन विश्व विद्यालय द्वारा पहले समर्थ पोर्टल में आवेदन हेतु 30 मई की तिथि निर्धारित की गई थी। जो टुकड़ों में बढ़कर अब 15 सितंबर हो चुकी है। प्रवेश प्रक्रिया हेतु एक ही बार तिथि घोषित करने के बजाय बार-बार टुकड़ों में तिथि घोषित करने से छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी रही और छात्र अन्यत्र पलायन को विवश हुआ है।डा.अग्रवाल ने आरोप लगाया कि सीयूईटी एवं समर्थ पोर्टल से प्रवेश प्रक्रिया अपने कुछ एजेंसियों को लाभ पहुंचाने हेतु अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि छात्र हित में उक्त अव्यवहारिक प्रावधानों को तुरंत समाप्त करना समय की आवश्यकता है।
