उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बाद प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी है। लगातार बारिश और संभावित भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर आवाजाही नियंत्रित कर दी है। हीना और दोबाटा होल्डिंग पॉइंट्स पर वाहनों को रोककर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की सलाह दी गई है।प्रशासन के मुताबिक, मौसम की स्थिति सामान्य होने तक यात्रियों को अनावश्यक रूप से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। अधिकारियों की नजर बारिश की तीव्रता के साथ-साथ सड़क और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की संभावित घटनाओं पर बनी हुई है। जिले को हाई अलर्ट पर रखते हुए सभी तहसीलों को लगातार निगरानी और तत्काल सूचना साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।स्थिति पर नजर रखने के लिए जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र और स्मार्ट कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया है। विभिन्न तहसीलों से मौसम, सड़क और भूस्खलन से जुड़ी सूचनाएं लगातार जुटाई जा रही हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम क्षेत्र में लाइव सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी हालात पर नजर रखी जा रही है।यात्रा मार्गों पर संभावित अवरोध से निपटने के लिए एनएच, बीआरओ, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई को पर्याप्त मशीनरी व मैनपावर तैयार रखने को कहा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क बाधित होने की स्थिति में मशीनरी तत्काल मौके पर भेजी जाए, ताकि मार्ग को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाकर यातायात बहाल किया जा सके।जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि फिलहाल प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और यात्रा मार्गों को सुरक्षित रखना है। मौसम में सुधार के बाद संबंधित मार्गों की स्थिति का आकलन किया जाएगा और परिस्थितियां अनुकूल पाए जाने पर ही यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
