उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
देवाल में भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी, ग्वालदम-नंदकेशरी-देवाल-वांण-तपोवन मोटर मार्ग को बीआरओ को सौंपने की मांग
थराली/देवाल। देश-प्रदेश में बढ़ती महंगाई, चढ़ावा चोरी, मनरेगा में किए गए बदलाव और क्षेत्र की सड़क समस्याओं को लेकर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवाल ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
प्रदर्शन के बाद आयोजित बैठक में कांग्रेस नेताओं ने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। सबसे प्रमुख मांग ग्वालदम-नंदकेशरी-देवाल-वांण-तपोवन मोटर मार्ग को तत्काल सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को हस्तांतरित करने की रही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह मार्ग पिंडर घाटी के साथ नंदानगर और घाट क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है। सड़क के बीआरओ को हस्तांतरण से सीमांत क्षेत्रों में यातायात सुविधा मजबूत होने के साथ स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महावीर बिष्ट ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान है। मनरेगा में ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की।
राधा देवी बनीं महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष
बैठक में राधा देवी को सर्वसम्मति से महिला कांग्रेस कमेटी देवाल की ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दलीप कुमार, राजीव गांधी पंचायत प्रकोष्ठ के ब्लॉक अध्यक्ष धर्म सिंह कोटड़ी और जिला सचिव कुंदन राम को भी मनोनयन पर बधाई दी गई।कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष कमल गाड़िया, प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप सिंह, गोविंद सिंह पांगती, पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल, इंद्र सिंह राणा, कंचन बिष्ट, महेश शंकर त्रिकोटी, प्रदीप दानू, राकेश मिश्रा, सचिन परिहार, जय सिंह नेगी, अनीता देवी, हंसी देवी, धर्म सिंह, पुष्कर परिहार, भूपाल सिंह परिहार, बलवंत सिंह, लखपत परिहार, उर्वी दत्त जोशी, जगदीश राम और भरत राम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
